Saturday, April 18, 2015

प्रेम करते हुए लड़की को सड़क पर
चीर दिया जाता है
प्रेम के कारण घर में
गला घोंट कर मार दिया जाता है
विद्वानों ने कहा -
''लड़कियों तुम डरो नहीं ,
उठो और प्रेम करो। ''
लड़कियाँ अकेले प्रेम कर रहीं थीं।
लड़कियाँ अकेले जान दे रहीं थीं।
लड़के ,जो उन लड़कियों के साथ थे
उनकी जान भी खतरे में थी ;
लेकिन
प्रेम करती लड़कियाँ बिना डरे
अकेले अपनी जान दे रहीं थीं।
विद्वानों ने विकास किया
लड़कियों की भाषा बदलकर।
उनकी योजना में शामिल नहीं
समाज की भाषा को बदल पाना।।
समाज लड़के हैं,
और लड़के
अपनी भाषा नहीं बदलते।
लड़के कहते हैं -
लड़कियों तुम्हें जीना है अगर
तो तुम आगे बढ़कर जान दो।
जीना है अगर तो
जान की कीमत पर प्रेम करो
लड़कियाँ जीने की उम्मीद में
बार -बार जान देती जाती हैं।
समाज का विकास हो रहा है, और
लड़कियाँ बिना डरे प्रेम करते हुए
अकेले अपनी जान दे रहीं हैं।
_________________________

No comments:

Post a Comment